उत्तराखंड में एक बार फिर भारी बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। प्रदेश में मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत जिले के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि अन्य जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है तो कुछ जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
मानसून सीजन में यमुनोत्री हाइवे और भी ज्यादा खतरनाक हो गया है। मॉनसून के बाद सितंबर और अक्टूबर का महीना चार धाम यात्रा का सीजन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण होता है। बारिश रुकने के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने लगती है। लेकिन इस बार यमुनोत्री धाम की यात्रा चुनौतीपूर्ण होने जा रही है। मानसून सीजन में 102 किलोमीटर लंबे यमुनोत्री हाईवे पर 8 नए भूस्खलन जोन सक्रिय हुए हैं। यहां बेहद सावधानी बरतने की ज़रूरत है।
शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 2023 में इस दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। रविवार को भी देहरादून का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मैदानी इलाकों में तेज धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।