Site icon Editor Shanu

हल्द्वानी:पानी में गई ज़िंदगी,लौटे सिर्फ आंसू-मौज-मस्ती बनी मातम,ज्योलिकोट में पिकनिक मनाने गया हिमांशु,डूबने से मौत, शव बरामद

Spread the love

हल्द्वानी–नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस वक्त मातम पसर गया जब छुट्टी के दिन दोस्तों संग मौज-मस्ती के इरादे से निकला एक युवक गहरे पानी की चपेट में आ गया और ज़िंदगी की जंग हार गया। मृतक की पहचान हल्द्वानी निवासी हिमांशु पंत के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 24 वर्ष बताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक हिमांशु अपने दोस्तों — शिवम् बिष्ट (मुखानी), राम सिंह रावत (लामाचौड़) और रोहित चंद्र (बेलुआखान, ज्योलिकोट) — के साथ नलेना क्षेत्र की ओर पिकनिक मनाने गया था। गर्मी से राहत पाने के लिए सभी युवक गधेरे (छोटे जलधारा) में उतर गए। उसी दौरान हिमांशु अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

दोस्तों ने शोर मचाया और उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज़ बहाव ने हिमांशु को अपनी गिरफ्त में ले लिया। घबराए हुए साथियों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी श्याम बोरा ने एसडीआरएफ टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर गधेरे में कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद किया और पुलिस को सौंप दिया।

चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और घर में कोहराम मचा हुआ है।

Exit mobile version