नैनीताल — उत्तराखंड के नैनीताल में मंगलवार की सुबह एक 19 वर्षीय युवक की लॉन्ग रनिंग के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। युवक, जो कि एमसीए का छात्र था, सुबह की दौड़ के दौरान बेसुध होकर गिर पड़ा। साथी धावक ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है, जब भूपेंद्र देवली, पुत्र नंदन सिंह देवली निवासी वन विभाग क्वार्टर, अपने मित्र विवेक के साथ भवाली रोड पर दौड़ की प्रैक्टिस कर रहा था। वे दोनों हर दिन की तरह आज भी मैराथन की तैयारी में निकले थे। जैसे ही वे कैलाखान के पास पहुंचे, भूपेंद्र अचानक जमीन पर गिर पड़ा। उसके मुंह से खून बहने लगा और वह बेहोश हो गया।
साथी विवेक ने पहले स्थानीय लोगों की मदद से उसे तल्लीताल रोडवेज बस स्टॉप तक लाया और वहां से गाड़ी करके बी.डी. पांडे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने भूपेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि भूपेंद्र को हार्ट अटैक आया था, जिसे वह सह नहीं सका। चूंकि वह पहले से किसी हृदय रोग से ग्रसित नहीं था और रोजाना व्यायाम करता था, इसलिए परिजन व दोस्त स्तब्ध हैं कि इतनी कम उम्र में ऐसा कैसे हो गया।
एमसीए का छात्र था भूपेंद्र
भूपेंद्र हल्द्वानी स्थित पाल कॉलेज से MCA की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता नंदन सिंह वन विभाग में कार्यरत हैं। उसकी एक बहन और एक भाई है। इस असामयिक निधन से परिवार और दोस्तों में शोक की लहर है।
घटना की जानकारी मिलते ही तल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। सभासद पूरन सिंह बिष्ट, भरत, संजय और वन विभाग के कई कर्मचारी अस्पताल पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने में लगे रहे।
