रुद्रप्रयाग से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रविवार सायं ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में संचार शाखा, पुलिस विभाग रुद्रप्रयाग में तैनात अपर उप निरीक्षक (ASI) संजीव नयन जगूड़ी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में पुलिस विभाग सहित समूचा क्षेत्र शोक में डूब गया है।
घटना शाम करीब 5:30 बजे जवाडी बाईपास और गुलाबराय के बीच की है, जब संजीव नयन अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। श्रीनगर की ओर से आ रही एक बस ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे वह बाइक समेत बस के पिछले टायर की चपेट में आ गए। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
40 वर्षीय संजीव नयन मूल रूप से उत्तरकाशी जनपद के निवासी थे और वर्तमान में देहरादून में परिवार संग रह रहे थे। वर्ष 2009 में उन्होंने वायरलेस विभाग में अपनी सेवा की शुरुआत की थी और पिछले सात वर्षों से रुद्रप्रयाग जिले में संचार शाखा में कार्यरत थे।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली निरीक्षक मनोज नेगी, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
संजीव नयन के आकस्मिक निधन से विभागीय अधिकारी और कर्मचारी स्तब्ध हैं। उन्हें एक कर्मठ, जिम्मेदार और विनम्र अधिकारी के रूप में याद किया जा रहा है। क्षेत्रीय जनता और पुलिस विभाग के बीच उन्हें एक समर्पित सेवक के रूप में सम्मान प्राप्त था।
