Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड के विभिन्न जिलों में बुनियादी ढांचे और जनकल्याण से जुड़ी परियोजनाओं के लिए कुल ₹146.19 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में सड़क, पेयजल, ऊर्जा, निर्माण कार्यों के साथ-साथ कुम्भ मेला-2027 से संबंधित प्रमुख कार्य भी शामिल हैं।

जनपदवार प्रमुख स्वीकृतियां

  • नैनीताल (कालाढूंगी):
    राजकीय प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर से राजकीय इंटर कॉलेज लामाचौड़ होते हुए कालाढूंगी मुख्य मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण कार्य हेतु ₹3.81 करोड़ स्वीकृत।

  • बागेश्वर:
    बोड़ी धुराफाट पंपिंग योजना में ऊर्जा कुशल सेंट्रीफ्यूगल पंप सेटों की आपूर्ति और स्थापना के लिए ₹4.73 करोड़ की स्वीकृति।

  • हरिद्वार (रोशनाबाद):
    अभियोजन विभाग के जनपदीय निदेशालय के कार्यालय एवं सदर मालखाना निर्माण कार्य हेतु ₹7.07 करोड़ की स्वीकृति। पहली किस्त के रूप में 40% राशि जारी करने का अनुमोदन।

  • कुम्भ मेला-2027 (हरिद्वार):
    विभिन्न नव निर्माण कार्यों हेतु लगभग ₹113 करोड़ की योजना स्वीकृत। चालू वित्तीय वर्ष में ₹10 करोड़ की टोकन राशि अनुपातिक रूप से जारी करने का निर्णय।

  • पेयजल एवं स्वच्छता विभाग:
    नाबार्ड के अंतर्गत कुल ₹17.58 करोड़ लागत की 20 योजनाएं स्वीकृत।

    • उत्तराखण्ड जल संस्थान की 3 योजनाएं: ₹9.22 करोड़

    • उत्तराखण्ड पेयजल निगम की 17 योजनाएं: ₹8.36 करोड़

लोकतंत्र सेनानी पेंशन को मंजूरी

मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानी पेंशन योजना के अंतर्गत जनपद उधम सिंह नगर, किच्छा निवासी देवकी देवी (पत्नी स्व. श्यामदत्त तिवारी) को पेंशन प्रदान करने की मंजूरी भी दी।

  • 14 जून 2017 से 13 अक्टूबर 2022 तक ₹16,000 प्रतिमाह

  • 14 अक्टूबर 2022 से आगे ₹20,000 प्रतिमाह की दर से बकाया सहित पेंशन स्वीकृत।

सीएम की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, पेयजल व ऊर्जा जैसी आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता और कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इन योजनाओं से प्रदेशवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और विकास की गति और तेज होगी।