हरिद्वार (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के रुड़की में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। यह हादसा इतना अचानक हुआ कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। सड़क किनारे खड़ी एक कार की खिड़की अचानक खुली और उसी वक्त गुजर रहे बाइक सवार की बाइक खिड़की से जा टकराई। टक्कर का झटका इतना तेज था कि युवक सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया। दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित गंगनहर थाना क्षेत्र की है। मृतक युवक की पहचान पुहवा गांव निवासी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार सामान्य रफ्तार से सड़क पर जा रहा था, लेकिन कार चालक ने अचानक खिड़की खोल दी। टकराने के बाद युवक असंतुलित होकर गिर पड़ा और तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया।
कार चालक हादसे के बाद फरार
हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गंगनहर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
वीडियो हुआ वायरल
घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हादसे की भयावहता साफ दिख रही है—कैसे एक छोटी सी लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली।
पुलिस ने कहा कि फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान की जा रही है। आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
