Swar Rampur UP : स्वार। नगर पंचायत मसवासी की रहने वाली महिला के साथ ठगी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दो अज्ञात ठगों ने बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिला से सोने के कुंडल ले लिए और मौके से फरार हो गए। महिला को जब शक हुआ और उसने दी गई पुड़िया खोली तो उसमें केवल एक और दो रुपये के सिक्के निकले।
जानकारी के अनुसार मसवासी निवासी जरीना रविवार को स्वार में गंगादास की पुलिया के पास एक वैद्य से दवा लेने आई थी। दवा लेकर जैसे ही वह इतवार बाजार के पास पहुंची, दो अज्ञात व्यक्ति उसके पास आए। उनमें से एक ने कहा कि वह उसकी तबीयत ठीक कर सकता है, जबकि दूसरे ने साथी को अंगूठी देते हुए बताया कि इसे पहनने से तबीयत ठीक हो जाती है।
ठगों ने महिला को झांसे में लेकर कहा कि अगर वह अपने कानों के कुंडल दे दे तो वे उन्हें झाड़-फूंक कर देंगे और उसकी बीमारी दूर हो जाएगी। महिला उनकी बातों में आ गई और अपने सोने के कुंडल उतारकर दे दिए। ठगों ने उन्हें एक पुड़िया बनाकर दी और कहा कि इसे घर जाकर खोलना।
कुछ देर बाद महिला को शक हुआ तो उसने पुड़िया खोली, जिसमें सिक्के निकले। अपने साथ हुई ठगी का अहसास होते ही महिला घबरा गई और ठगों की तलाश की, लेकिन दोनों फरार हो चुके थे।
महिला ने स्वार कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाल प्रदीप मलिक ने बताया कि महिला की तहरीर पर अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के बाजारों और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। जल्द ही ठगों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
