रामपुर ज़िले से जुड़ा एक मामला सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर जांच का विषय बन गया है। गुजरात एटीएस ने नवसारी क्षेत्र से रामपुर के स्वार थाना इलाके के नरपत नगर निवासी फैज़ान शैख को हिरासत में लिया है। गिरफ्तारी के बाद मामले में कई स्तरों पर जांच तेज कर दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, गुजरात एटीएस फैज़ान से प्रारंभिक पूछताछ कर चुकी है। अब इस केस में आगे की जांच के लिए रामपुर पुलिस, स्पेशल ब्रांच और खुफिया विभाग सक्रिय हो गए हैं। बृहस्पतिवार को स्पेशल ब्रांच की एक टीम रामपुर पहुंची और फैज़ान के परिजनों से विस्तृत पूछताछ की।
उधर, रामपुर का खुफिया विभाग फैज़ान की सोशल मीडिया गतिविधियों, खासतौर पर उसकी इंस्टाग्राम आईडी से जुड़े संपर्कों की पड़ताल कर रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके डिजिटल नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और उनके संपर्क किस स्तर तक फैले हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, खुफिया विभाग को फैज़ान से जुड़ी कुछ अहम इनपुट्स मिले हैं, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर उसके दोस्तों की पृष्ठभूमि भी खंगाली जा रही है। इसी क्रम में टीम ने बृहस्पतिवार को उसके दो परिचितों से कई घंटों तक पूछताछ की।
बताया जा रहा है कि एटीएस और स्थानीय एजेंसियों के बीच समन्वय लगातार बना हुआ है। जल्द ही रामपुर की टीम गुजरात जाकर फैज़ान से दोबारा पूछताछ कर सकती है और गुजरात एटीएस से केस से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
इस संबंध में एसपी विद्यासागर मिश्र ने बताया कि मामला जांच के अधीन है। सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है और जैसे ही गुजरात एटीएस की ओर से कोई जानकारी मांगी जाएगी, उसे तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा।
