रुस्तम नगर स्वार (रामपुर)।
आसरा वेलफेयर सोसाइटी रुस्तम नगर के द्वारा, Hi Tech Hospital, काशीपुर के सहयोग से 12 फ़रवरी 2026 की दोपहर से शाम तक रुस्तम नगर क्षेत्र में एक विशाल निःशुल्क आंखों एवं कानों की जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 100 से अधिक मरीज़ो की आधुनिक मशीनों से जांच की गई, जबकि लगभग 60 70 से अधिक मरीज़ो को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं। आसरा वेलफेयर द्वारा लगवाए गए शिविर का उद्देश्य उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना था, जो आर्थिक तंगी या जागरूकता की कमी के कारण समय पर इलाज नहीं करा पाते।

ग्रामीण और पिछड़े इलाकों में आंखों और कानों से जुड़ी बीमारियां आम हैं, लेकिन समय पर जांच और इलाज न मिलने के कारण ये समस्याएं गंभीर रूप ले लेती हैं। ऐसे में आसरा वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित यह शिविर गरीब, मज़दूर और दिहाड़ी करने वाले परिवारों के लिए किसी राहत से कम नहीं रहा। सुबह से ही शिविर स्थल पर मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बुज़ुर्ग, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में जांच के लिए पहुंचे।
इस मेडिकल कैंप में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अत्याधुनिक मशीनों से जांच कर मरीजों को सही परामर्श दिया। कई मरीजों को नज़र कमज़ोर होने की परेशानी सामने आई, जिन्हें चश्मा लगाने की सलाह दी गई। वहीं कान से जुड़ी समस्याओं जैसे सुनने में कमी, इंफेक्शन और दर्द से पीड़ित लोगों को तत्काल दवाइयाँ दी गईं और कुछ गंभीर मामलों को आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया।
शिविर में शामिल डॉक्टरों में —
डॉ. सिमरन कौर (आई स्पेशलिस्ट)
और डॉ. शिवम बटला (नेत्र एवं ईएनटी स्पेशलिस्ट) ने मरीज़ों को देखा
अध्यक्ष सुलेमान खान का बड़ा बयान
संस्था के अध्यक्ष सुलेमान खान ने भावुक होते हुए कहा —
“हमारे समाज में आज भी बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो दो वक्त की रोटी जुटाने में लगे रहते हैं, उनके लिए इलाज कराना एक सपना बन जाता है। कोई मां अपने बच्चे की आंखों की जांच नहीं करा पाती, तो कोई बुज़ुर्ग कान से कम सुनने की समस्या को उम्र का हिस्सा समझकर सहता रहता है।
आसरा वेलफेयर सोसाइटी की कोशिश है कि किसी भी व्यक्ति को सिर्फ पैसों की कमी की वजह से इलाज से वंचित न रहना पड़े। हम चाहते हैं कि गांव-गांव, मोहल्ला-मोहल्ला तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें। आज का यह शिविर सिर्फ एक शुरुआत है। आगे भी हम ब्लड डोनेशन कैंप, फ्री हेल्थ चेकअप, दवाइयों का वितरण और ज़रूरतमंदों के लिए नियमित मेडिकल सहायता जैसे कार्यक्रम करते रहेंगे।
समाज के सक्षम लोगों से भी हमारी अपील है कि वे आगे आएं, संस्था से जुड़ें और मानवता की इस मुहिम में हमारा साथ दें। जब समाज एक-दूसरे का सहारा बनेगा, तभी असली तरक्की होगी।”
अन्य पदाधिकारियों के बयान
सह-अध्यक्ष निशात खान ने कहा —
“हमारी कोशिश है कि कोई भी व्यक्ति सिर्फ पैसों की वजह से इलाज से वंचित न रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की भारी कमी है। आसरा वेलफेयर सोसाइटी का प्रयास है कि विशेषज्ञ डॉक्टरों को सीधे गांव तक लाया जाए।”
सह-अध्यक्ष शानू अली ने कहा —
“ऐसे शिविर सिर्फ इलाज नहीं देते, बल्कि लोगों के दिलों में भरोसा और उम्मीद जगाते हैं। जब कोई संस्था बिना किसी स्वार्थ के सेवा करती है, तो समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।”
स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया
स्थानीय निवासियों ने बताया कि ऐसे निःशुल्क मेडिकल कैंप उनके लिए बहुत बड़ी राहत हैं। एक बुज़ुर्ग मरीज़ ने कहा कि वह पिछले कई महीनों से आंखों में जलन और धुंधलापन झेल रहा था, लेकिन पैसे न होने की वजह से डॉक्टर को नहीं दिखा पाया। आज आसरा वेलफेयर द्वारा लगे शिविर में जांच और दवा मिलने से उसे बड़ी राहत मिली।
शिविर का उद्देश्य
ग्रामीण व पिछड़े इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना
आंखों और कानों से जुड़ी बीमारियों की समय पर पहचान
निःशुल्क परामर्श, जांच और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना
समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना
यह शिविर सामाजिक सेवा और मानवता की दिशा में एक मज़बूत कदम साबित हुआ है। आसरा वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास न सिर्फ जरूरतमंदों की जिंदगी में राहत ला रहे हैं, बल्कि समाज को सेवा और संवेदनशीलता की राह भी दिखा रहे हैं।
