Spread the love

मुखानी (हल्द्वानी)।
मुखानी थाना क्षेत्र में पालतू कुत्ते के हमले से शुरू हुआ विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। स्कूटी सवार एक युवक पर पालतू कुत्ते ने हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

फतेहपुर के ग्राम रामड़ी आन सिंह निवासी दिनेश चंद्र आर्या ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 18 मई की सुबह वह अपनी दुकान से लौट रहे थे। जैसे ही वह अपने घर पहुंचे, पड़ोसी किरन प्रकाश, जो पुलिस संचार विभाग से सेवानिवृत्त हैं, उनके पालतू कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
दिनेश चंद्र के अनुसार, कुत्ते ने उन्हें कई स्थानों पर काटा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इतना ही नहीं, दिनेश का आरोप है कि हमले के बाद किरन प्रकाश के बच्चों ने उनके साथ बदतमीज़ी की और यहां तक कि गुंडों से जान से मरवाने की धमकी भी दी।

पड़ोसी का पलटवार – “झगड़ा कुत्तों का था”

वहीं दूसरी ओर, किरन प्रकाश का कहना है कि दिनेश चंद्र अपने पालतू कुत्ते को स्कूटी पर बिठाकर उनके घर के सामने से गुजर रहे थे। रास्ते में दोनों कुत्ते आपस में भिड़ गए और इसी दौरान दिनेश चंद्र का संतुलन बिगड़ गया जिससे वह स्कूटी से गिर गए और उन्हें मामूली चोटें आईं।
किरन प्रकाश का यह भी दावा है कि उन्होंने खुद दिनेश को प्राथमिक उपचार दिया। लेकिन तभी दिनेश के परिजन आ गए और उन्हें पीटने लगे। जान से मारने की धमकी भी दी गई और उनके पालतू कुत्ते को ईंटों से घायल कर दिया गया।

थाने में क्रॉस एफआईआर, पुलिस जांच में जुटी

थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायतें प्राप्त हुई हैं। मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है।