Spread the love

उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक और युवा ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मल्लीताल क्षेत्र के निवासी प्रखर साह का चयन देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी कानपुर में अर्थ साइंस विषय में पीएचडी कार्यक्रम के लिए हुआ है। यह सफलता प्रखर के लगातार परिश्रम और वैज्ञानिक शोध के प्रति उनके समर्पण का प्रमाण है।

प्रखर ने गेट 2025 (भूविज्ञान विषय) और यूजीसी-नीट (अर्थ साइंस विषय) जैसी कठिन राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने अपनी स्नातक (B.Sc.) और परास्नातक (M.Sc. Geology) की पढ़ाई कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल के डीएसबी कैंपस से पूरी की है। प्रारंभिक शिक्षा नैनीताल के सेंट जोसेफ कॉलेज से हुई।

प्रखर का झुकाव शुरू से ही पृथ्वी विज्ञान, पर्यावरणीय बदलाव, और भू-आपदाओं की ओर रहा है। वह अपनी रिसर्च के माध्यम से उत्तराखंड जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाले भूस्खलन, जलवायु परिवर्तन और जल स्रोतों की सुरक्षा जैसे विषयों पर योगदान देना चाहते हैं।

प्रखर एक शिक्षित परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता प्रगति कुमार साह शिक्षा विभाग में कार्यरत रहे हैं, जबकि उनकी मां सीमा साह खुर्पाताल स्थित एक जूनियर हाई स्कूल में शिक्षिका हैं। उनके दादा स्व. नवीन लाल साह भी शिक्षा विभाग में वरिष्ठ पद पर कार्यरत रह चुके हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, शिक्षकों और पूरे नैनीताल क्षेत्र में गर्व और प्रसन्नता का माहौल है। प्रखर का कहना है कि उनकी सफलता में सबसे बड़ा योगदान उनके माता-पिता, शिक्षकों और खुद की मेहनत का है।