Spread the love

देहरादून/हल्द्वानी/नैनीताल – उत्तराखंड इन दिनों लगातार हो रही बारिश की मार झेल रहा है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में भी तेज गर्जना के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

शनिवार को राजधानी देहरादून समेत राज्य के कई जिलों में रुक-रुक कर तेज़ बारिश का सिलसिला जारी रहा। कहीं तेज बौछारें गिरीं, तो कहीं बादलों ने डेरा जमाए रखा। शहर के कई हिस्सों में एक घंटे की तेज बारिश के बाद नाले ओवरफ्लो हो गए और गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा।

नैनीताल, हल्द्वानी, टिहरी, चंपावत और रुद्रप्रयाग जिलों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। पहाड़ी सड़कों पर मलबा आने के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ है। नैनीताल के कई ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं।

हल्द्वानी में रविवार की सुबह से ही बादलों ने आसमान को घेर रखा था। कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं और लोग भीगने को मजबूर हुए।

प्रशासन की अपील
राज्य प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे नदी-नालों से दूर रहें, अनावश्यक रूप से पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा न करें और मौसम से संबंधित सरकारी निर्देशों का सख्ती से पालन करें। जिला आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट मोड पर हैं और हर जिले में कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिए गए हैं।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 से 48 घंटे उत्तराखंड के लिए संवेदनशील हैं। विशेषकर बागेश्वर, देहरादून और नैनीताल में भारी बारिश, बिजली गिरने और भूस्खलन की संभावना जताई गई है।